■ मुंबई के महापौर पर सस्पेंस खत्म होने के कगार पर

● मुंबई
मुंबई महानगरपालिका के चुनाव संपन्न हो चुके हैं, मगर महापौर और उपमहापौर के चयन को लेकर बना इंतजार अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। महापौर पद के आरक्षण की लॉटरी घोषित होते ही चयन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। संकेत हैं कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को 11 फरवरी को नया महापौर मिल जाएगा।
चुनाव परिणाम आने के बाद महापौर चयन की प्रक्रिया कुछ समय के लिए ठहर गई थी। राष्ट्रवादी के दिवंगत नेता अजीत पवार के निधन के चलते राज्य में तीन दिन का शोक घोषित किया गया, जिससे राजनीतिक गतिविधियां सीमित रहीं। शोक अवधि समाप्त होते ही सोमवार से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और मुंबई महानगरपालिका में भी आगे की प्रक्रिया को गति दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, महापौर और उपमहापौर पद के लिए 6 फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11 फरवरी को दोनों पदों के लिए मतदान होगा और उसी दिन मुंबई को नया महापौर मिलने की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
महापौर चुनाव की प्रक्रिया को लेकर 3 फरवरी को आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद नामांकन, जांच और अन्य औपचारिक चरण पूरे किए जाएंगे। महापौर के चुनाव के बाद 18 फरवरी को महानगरपालिका की विशेष सभा बुलाई जाएगी, जिसमें पहले शिक्षा समिति के अध्यक्ष और उसके बाद स्थायी समिति के अध्यक्ष का चयन किया जाएगा।
इसी क्रम में फरवरी के अंत तक महानगरपालिका आयुक्त स्थायी समिति के अध्यक्ष के समक्ष बजट प्रस्तुत करेंगे, जिस पर बाद में सभागृह में विस्तार से चर्चा होगी। कुल मिलाकर फरवरी का महीना मुंबई महानगरपालिका के लिए राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद निर्णायक साबित होने वाला है।
