■ मुख्यमंत्री ने हरित महाराष्ट्र मिशन की घोषणा की

● मुंबई
महाराष्ट्र को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-संतुलित राज्य बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक महत्वाकांक्षी और दीर्घकालिक पहल का ऐलान किया है। वर्ष 2026 से 2031 के बीच राज्यभर में 300 करोड़ वृक्ष लगाने के लक्ष्य के साथ ‘हरित महाराष्ट्र मिशन’ शुरू किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देना है।
वर्षा निवास में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के वन क्षेत्र को 33 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए इस कार्यक्रम को मिशन मोड में लागू किया जाएगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और समन्वय के लिए ‘हरित महाराष्ट्र प्राधिकरण’ के गठन का प्रस्ताव मंत्रिमंडल में लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अभियान केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं रहेगा। पर्यावरण विशेषज्ञों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्टार्टअप्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार सृजन को भी गति मिलेगी। कम वन क्षेत्र वाले मराठवाड़ा जैसे इलाकों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर रहेगा।
पहले वर्ष में उपलब्ध पौधों के आधार पर लगभग 20 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। मिशन के तहत बांस और सागवान जैसी उपयोगी प्रजातियों का बड़े पैमाने पर रोपण किया जाएगा। आधुनिक तकनीक की मदद से वृक्षारोपण और पौधों के जीवित रहने की निगरानी डिजिटल व उपग्रह आधारित रियल-टाइम प्रणाली से की जाएगी। पेड़ों की वृद्धि, जंगल निर्माण और जीवित रहने की दर की नियमित समीक्षा कर अभियान को परिणामोन्मुखी बनाया जाएगा।
