
▪️मुंबई
महाराष्ट्र में सूखे और बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों का हौसला बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के मंत्री उनके साथ दिवाली मनाएंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि सभी मंत्रियों ने इस पहल पर सहमति जताई है। इसका उद्देश्य संकट के समय किसानों के साथ खड़े रहने का संदेश देना है।
फडणवीस के अनुसार, राज्य के 85 प्रतिशत से अधिक तहसील क्षेत्र सूखे की चपेट में हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं हुआ है, यह मंत्रियों का सामूहिक निर्णय है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सूखा प्रभावित 73 लाख किसानों के बैंक खातों में दिवाली से पहले 5,000 रुपए की अंतरिम सहायता जमा कराई गई है। अगले दो दिनों में 95 प्रतिशत पात्र किसानों तक राशि पहुंचाने का लक्ष्य है। बैंक खातों से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों के कारण कुछ भुगतान लंबित हैं। सरकार किसान कर्जमाफी के जरिए भी राहत देने की दिशा में काम कर रही है।
