
● मुंबई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक तक सस्ती और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारा सामूहिक लक्ष्य होना चाहिए। मुंबई स्थित लोक भवन में पीडी हिंदुआ अस्पताल द्वारा आयोजित ‘Saving Lives and Building a Healthier Bharat’ अभियान के शुभारंभ अवसर पर संबोधित करते हुए उन्होंने यह आह्वान किया।
राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत निकट भविष्य में वैश्विक स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों से अपेक्षा की कि वे उपचार के साथ अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करें। उनके अनुसार, स्वस्थ भारत के निर्माण में सरकार के साथ-साथ निजी क्षेत्र, चिकित्सक समुदाय और समाज के अन्य सभी हितधारकों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं जन-जन तक समय पर पहुंचें, इसके लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज चिकित्सा क्षेत्र में परिवर्तनकारी भूमिका निभा रहे हैं। निदान से लेकर उपचार तक, हर स्तर पर आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में इसकी भूमिका और व्यापक होगी। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि दवाओं और चिकित्सा उपकरणों का देश में ही निर्माण किफायती स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अनिवार्य है। ‘मेक इन इंडिया’ और पीएलआई जैसी पहलें इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नागरिकों का स्वस्थ रहना बुनियादी आवश्यकता है। जब प्रत्येक व्यक्ति को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध होगी, तभी सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण संभव होगा।
राष्ट्रपति मुर्मू दो दिवसीय महाराष्ट्र दौरे पर मुंबई पहुंचीं। छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा अजीत पवार और महापौर ऋतु तावड़े ने उनका स्वागत किया।

बढ़िया