- कंप्यूटर से लॉगआउट किए बिना न छोड़ें व्हाट्सऐप वेब

- मुंबई। कंप्यूटर या लैपटॉप पर व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार ने साइबर सुरक्षा संबंधी चेतावनी जारी की है। सरकार ने आगाह किया है कि इस्तेमाल के बाद बिना लॉगआउट किए छोड़ा गया व्हाट्सऐप वेब अकाउंट साइबर अपराधियों के लिए ठगी का रास्ता खोल सकता है। इसके जरिए वे निजी संदेशों, संपर्क सूची और ग्रुप चैट तक पहुंच बना सकते हैं।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के तहत राष्ट्रीय साइबर अपराध खतरा विश्लेषण इकाई (NCTAU) ने 23 नवंबर को जारी एडवाइजरी में उपयोगकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसमें बताया गया है कि केवल ब्राउजर या टैब बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। ऐसा करने के बाद भी व्हाट्सऐप वेब का सेशन सक्रिय रह सकता है। इसलिए कंप्यूटर पर काम पूरा होने के बाद अकाउंट से विधिवत लॉगआउट करना जरूरी है।
साइबर अपराधी सक्रिय सेशन का फायदा उठाकर निजी बातचीत पढ़ने के साथ उपयोगकर्ता की पहचान का दुरुपयोग कर सकते हैं। वे उसके परिचितों को फर्जी संदेश भेजकर आर्थिक ठगी, फिशिंग और अन्य साइबर अपराधों को अंजाम दे सकते हैं।
सरकार ने साइबर कैफे, होटल और सार्वजनिक कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब लॉगइन करने से बचने की सलाह दी है। यदि ऐसा करना जरूरी हो तो ब्राउजर के प्राइवेट या इनकॉग्निटो मोड का इस्तेमाल करें और काम पूरा होते ही लॉगआउट कर दें।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि उपयोगकर्ता अपने व्हाट्सऐप अकाउंट में जुड़े डिवाइस की नियमित जांच करें। अनजान डिवाइस दिखाई देने पर उसका सेशन तत्काल लॉगआउट करें। साथ ही मोबाइल, कंप्यूटर और ब्राउजर को अपडेट रखें तथा संदिग्ध फाइलों और अनजान लिंक से दूरी बनाए रखें। सरकारी और वित्तीय जानकारियां साझा कंप्यूटर पर भेजने से भी बचें।
