
▪️ वृंदावन
उत्तर प्रदेश के पवित्र तीर्थधाम वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर अपनी अद्भुत परंपराओं और रहस्यमयी मान्यताओं के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। देश के अधिकांश मंदिरों में जहां घंटियों की गूंज और आरती का स्वर भक्तों को आकर्षित करता है, वहीं बांके बिहारी मंदिर में न तो घंटियां टंगी हैं और न ही प्रतिदिन मंगला आरती होती है। यही परंपरा इस मंदिर को अन्य कृष्ण मंदिरों से अलग पहचान देती है।
मान्यता है कि यहां भगवान श्रीकृष्ण की बाल स्वरूप में पूजा की जाती है। भक्तों का विश्वास है कि तेज घंटियों की ध्वनि या प्रातःकालीन आरती से बालकृष्ण की निद्रा भंग हो सकती है। इसी कारण मंदिर परिसर में घंटियां नहीं लगाई गईं और नियमित मंगला आरती की परंपरा भी नहीं है। केवल जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष मंगला आरती का आयोजन किया जाता है।
मंदिर की एक और अनूठी परंपरा है कि ठाकुरजी के दर्शन लगातार नहीं कराए जाते। कुछ-कुछ मिनटों के अंतराल पर परदा बंद और खोला जाता है। लोकमान्यता है कि बांके बिहारी जी अपने भक्तों के प्रेम से इतने प्रभावित हो जाते हैं कि उनके साथ जाने को तैयार हो जाते हैं, इसलिए दर्शन बीच-बीच में रोके जाते हैं।
स्वामी हरिदास द्वारा प्रकट की गई बांके बिहारी जी का यह विग्रह आज भी उसी वात्सल्य भाव से पूजा जाता है, मानो घर के किसी बालक की सेवा की जा रही हो। यही कारण है कि यहां की पूजा-पद्धति, आरती और दर्शन व्यवस्था सामान्य मंदिरों से बिल्कुल अलग दिखाई देती है।
आस्था, परंपरा और रहस्य का यह अद्भुत संगम ही बांके बिहारी मंदिर को करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनाता है।
