- 600 से अधिक स्टॉलों पर मिलेंगी किताबें, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी
- 24 से 29 नवंबर तक होगा आयोजन, प्रवेश निशुल्क

- मुंबई । मुंबई में पहली बार बड़े पैमाने पर आयोजित होने जा रहे मुंबई पुस्तक महोत्सव 2026 का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 24 नवंबर को करेंगे। मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर में 24 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस छह दिवसीय महोत्सव में देशभर के 200 से अधिक प्रकाशक हिस्सा लेंगे। यहां 600 से अधिक पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे। महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (एनबीटी-इंडिया) की ओर से आयोजित इस महोत्सव में महाराष्ट्र सरकार, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और मुंबई विश्वविद्यालय सहयोग कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह मंगलवार शाम 6 बजे होगा।
- महोत्सव के दौरान 100 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें साहित्यिक संवाद, प्रख्यात लेखकों से मुलाकात, पुस्तक विमोचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां शामिल होंगी। पाठकों को हिंदी, मराठी, अंग्रेजी सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं और साहित्यिक विधाओं की पुस्तकें एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
महोत्सव में वंदे मातरम और सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं योगदान पर आधारित विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। बच्चों के लिए कहानी कथन, चित्रकला प्रतियोगिता, परिचय सत्र और प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी में पढ़ने की रुचि विकसित करने और पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
- महोत्सव के पहले दिन मंगलवार शाम 7 बजे प्रसिद्ध गायक अवधूत गुप्ते और वैशाली सामंत की लाइव संगीत प्रस्तुति होगी। इससे साहित्यिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आकर्षण रहेगा।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन मुंबई के साहित्यिक और शैक्षणिक परिवेश को नई पहचान देने के साथ ही विभिन्न भाषाओं के लेखकों, प्रकाशकों और पाठकों को एक मंच उपलब्ध कराएगा। महोत्सव से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट www.mumbaibookfestival.com पर उपलब्ध है।
