- 17वीं शताब्दी से पुराना होने का अनुमान
- कुंभ की तैयारियों के बीच मिली ऐतिहासिक धरोहर

- नासिक । नासिक के ऐतिहासिक रामकुंड क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए की जा रही खुदाई के दौरान प्राचीन शिव मंदिर के अवशेष मिलने से पुरातात्विक महत्व की नई जानकारी सामने आई है। दुतोंड्या मारुति मंदिर के सामने खुदाई करते समय जमीन के भीतर दबे मंदिर के अवशेष मिले। शुरुआती अनुमान है कि यह मंदिर 17वीं शताब्दी से भी पुराना हो सकता है।
सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के तहत रामकुंड परिसर में विभिन्न विकास कार्य चल रहे हैं। इसी दौरान मिली इस ऐतिहासिक संरचना ने क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास की ओर ध्यान खींचा है। माना जा रहा है कि रामकुंड और आसपास के इलाकों में जमीन के नीचे ऐसे कई अन्य प्राचीन मंदिरों के अवशेष भी मौजूद हो सकते हैं।
इस खोज के बाद क्षेत्र में व्यवस्थित पुरातात्विक सर्वेक्षण और सावधानीपूर्वक खुदाई कराने की मांग उठने लगी है, ताकि जमीन में दबी ऐतिहासिक धरोहरों की पहचान कर उन्हें संरक्षित किया जा सके।
सिंहस्थ कुंभ मेले को लेकर नासिक में तैयारियां तेज हैं। दिसंबर से शुरू होने वाले इस आयोजन के मद्देनजर बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति दी जा रही है। ऐसे में शिव मंदिर के अवशेषों की खोज ने विकास के साथ विरासत संरक्षण की जरूरत भी सामने रख दी है।
