
▪️मुंबई। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। लॉस एंजिल्स में रहने वाली चीनी बिजनेसवुमन और एटीकेट कोच सारा जेन हो अपने चार महीने के बच्चे को सुलाने के लिए हनुमान चालीसा सुनाती हैं। उनका कहना है कि बच्चा रोने या चिड़चिड़ा होने पर हनुमान चालीसा सुनते ही कुछ ही सेकंड में शांत हो जाता है और करीब दो मिनट में सो जाता है।
सारा ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्हें एक भारतीय दोस्त से हनुमान चालीसा के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने इसे अपने बच्चे की रोजाना की दिनचर्या में शामिल कर लिया। वह सुबह हनुमान चालीसा को लूप पर चलाती हैं।
नेटफ्लिक्स के ‘माइंड योर मैनर्स’ शो से चर्चित सारा 40 वर्ष की उम्र में सरोगेसी के जरिए मां बनी हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह बच्चे के रोने पर उसे लंबे समय तक रोने देने के बजाय तुरंत गोद में उठा लेती हैं।
सारा की पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस पर प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने हनुमान चालीसा के प्रति उनकी रुचि की सराहना की। एक यूजर ने इसे भारतीय धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि हनुमान चालीसा को केवल एक गीत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
वीडियो और पोस्ट के वायरल होने के बाद यह अनोखा अनुभव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
