- नई दिल्ली। एक ही परिवार में भाई भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) का अधिकारी है, तो छोटी बहन भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। यह कहानी है आईपीएस अधिकारी आदित्य मिश्रा और उनकी छोटी बहन पल्लवी मिश्रा की, जिनकी सफलता में आपसी विश्वास और पारिवारिक सहयोग की अहम भूमिका रही है।

पल्लवी के लिए सिविल सेवा में जाने का सपना बचपन से ही बड़े भाई आदित्य को देखकर आकार लेने लगा था। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद आदित्य ने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की और वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी बने। पुलिस सेवा में भाई को काम करते देखकर पल्लवी भी जनसेवा के क्षेत्र में आने के लिए प्रेरित हुईं। यूपीएससी की तैयारी में आदित्य ने उनका मार्गदर्शन किया।
पल्लवी की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी अलग रही है। उन्होंने दिल्ली स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की और संगीत में स्नातकोत्तर की डिग्री भी हासिल की। यूपीएससी के पहले प्रयास में उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की, लेकिन मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो सकीं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। किसी कोचिंग संस्थान में दाखिला लेने के बजाय स्वाध्याय से तैयारी जारी रखी। इस दौरान भाई और परिवार का सहयोग उनकी ताकत बना।
दूसरे प्रयास में पल्लवी ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 में अखिल भारतीय स्तर पर 73वीं रैंक हासिल की। महज 25 वर्ष की उम्र में उनका चयन आईएएस के लिए हुआ और वे 2023 बैच की अधिकारी बनीं।
वर्तमान में आदित्य मध्य प्रदेश के देवास में पुलिस अधीक्षक हैं, जबकि पल्लवी पंजाब के अमृतसर में अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) के पद पर कार्यरत हैं।
दोनों का रिश्ता केवल पेशेवर उपलब्धियों तक सीमित नहीं है। रक्षाबंधन पर सरकारी जिम्मेदारियों के कारण पल्लवी भाई के पास नहीं पहुंच सकीं, तो उन्होंने डाक से राखी भेजकर अपना स्नेह जताया। यह कहानी बताती है कि अपनों का प्रोत्साहन सपनों को नई उड़ान दे सकता है।
