- मुंबई । दिवाली का त्योहार खत्म होते ही मुंबई के फूल बाजारों में रौनक कम हो गई है। मांग और आवक में भारी गिरावट के चलते दादर, भायखला और भुलेश्वर के बाजारों में प्राकृतिक फूलों की कीमतें औसतन 40 प्रतिशत तक घट गई हैं। इसका सीधा असर फूल कारोबारियों के व्यापार पर पड़ा है।

दिवाली के दौरान दादर फूल बाजार में रोजाना 180 से 200 वाहन फूल लेकर पहुंचते थे, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर महज 30 से 40 रह गई है। नासिक, पुणे, सातारा और सांगली से आने वाली फूलों की आपूर्ति भी कम हुई है। भाईदूज के बाद ग्राहकों की संख्या घटने से कारोबार सुस्त पड़ गया है।
कीमतों में गिरावट का असर लगभग सभी प्रमुख फूलों पर दिख रहा है। गेंदे की कीमत 120-150 रुपए से घटकर 60-80 रुपए किलो रह गई है। शेवंती 120-150 रुपए के मुकाबले 80-100 रुपए किलो बिक रही है। गुलाब का बंडल 100-120 रुपए से घटकर 40-50 रुपए और कमल 40-50 रुपए से गिरकर महज 10 रुपए पर आ गया है।
हालांकि, कारोबारियों को 21 नवंबर को तुलसी विवाह, विवाह समारोहों और मार्गशीर्ष महीने के दौरान मांग बढ़ने की उम्मीद है। फूल विक्रेता जयश्री का कहना है कि इन अवसरों पर बाजार में फिर तेजी आ सकती है।
