- मुंबई। मुंबई महानगर क्षेत्र में सीएनजी के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने प्रति किलो सीएनजी की कीमत में 1.50 रुपए की वृद्धि की है। इसके साथ ही नई कीमत 91.50 रुपए प्रति किलो हो गई है। बढ़ी हुई दरें 15 नवंबर 2026 से लागू होंगी।

सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से ऑटो रिक्शा, टैक्सी चालकों और निजी वाहन मालिकों का बजट बिगड़ने की आशंका है। इसका असर सार्वजनिक परिवहन के किराए पर भी पड़ सकता है।
कंपनी के अनुसार, मध्य पूर्व में जारी तनाव और घरेलू गैस आवंटन में कमी के कारण गैस की खरीद लागत बढ़ी है। इसके चलते महंगी आयातित गैस पर निर्भरता भी बढ़ गई है। आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने और बढ़ती लागत की आंशिक भरपाई के लिए कीमतों में संशोधन किया गया है।
गौरतलब है कि मुंबई में पिछले 15 दिनों के भीतर सीएनजी के दाम दूसरी बार बढ़ाए गए हैं। लगातार हो रही इस वृद्धि से सीएनजी वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
