- सूर्यकांत उपाध्याय

एक राजा का विशाल फलों का बगीचा था। उसकी देखभाल एक किसान अपने परिवार के साथ करता था। वह प्रतिदिन बगीचे के ताजे फल लेकर राजा के महल पहुंचाता था।
एक दिन किसान ने देखा कि नारियल, अनार, अमरूद और अंगूर पककर तैयार हैं। उसने सोचा कि आज राजा को कौन सा फल भेंट किया जाए। अंततः उसने मीठे अंगूरों की टोकरी भरी और महल पहुंच गया।
उस दिन राजा किसी बात को लेकर परेशान और नाराज था। किसान ने अंगूरों की टोकरी उसके सामने रख दी और थोड़ी दूरी पर बैठ गया। राजा विचारों में खोया हुआ टोकरी से अंगूर उठाता और किसान की ओर फेंक देता। अंगूर किसान के माथे या शरीर पर लगते, लेकिन हर बार वह कहता, ‘ईश्वर बड़ा ही दयालु है।’
कुछ देर बाद राजा ने किसान से पूछा, ‘मैं तुम्हें बार-बार अंगूर मार रहा हूं और तुम्हें चोट भी लग रही है, फिर भी तुम ईश्वर को दयालु क्यों कह रहे हो?’
किसान ने विनम्रता से उत्तर दिया, ‘महाराज! आज बगीचे में नारियल, अनार, अमरूद और अंगूर सभी तैयार थे। मैंने आपके लिए अंगूर लाना उचित समझा। यदि आज मैं अंगूर की जगह नारियल लेकर आता तो आप उन्हें मेरी ओर फेंकते समय मेरा क्या हाल करते? इसलिए मैं कह रहा हूं कि ईश्वर सचमुच दयालु हैं।’
किसान की बात सुनकर राजा भी सोच में पड़ गया।
- शिक्षा : कई बार हम छोटी-सी परेशानी से घबरा जाते हैं, जबकि ईश्वर हमें किसी बड़ी मुसीबत से बचा रहे होते हैं। इसलिए विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और विश्वास बनाए रखना चाहिए।
