- मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने और टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानांतरित करने की योजना बनाई जा रही है। इस प्रस्ताव से करीब 12 विदेशी एयरलाइंस प्रभावित होंगी और 14 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की उड़ानें नवी मुंबई से संचालित हो सकती हैं।

प्रस्ताव के तहत बहरीन, दोहा, दुबई, जेद्दा, रियाद, मस्कट, कुवैत, काठमांडू और ढाका जैसे शहरों की उड़ानों को स्थानांतरित करने पर विचार हो रहा है। इससे मुंबई एयरपोर्ट पर परिचालन का दबाव कम करने और पुराने टर्मिनल की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
हालांकि, विदेशी एयरलाइंस ने इस योजना पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि दो अलग-अलग हवाई अड्डों से उड़ानें संचालित करने पर खर्च बढ़ेगा और यात्रियों को परेशानी होगी। विशेषकर कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को एक एयरपोर्ट से दूसरे एयरपोर्ट तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगेगा।
इस प्रस्ताव पर विमानन मंत्रालय और संबंधित एयरलाइंस के बीच चर्चा के बाद अंतिम निर्णय होगा। नवी मुंबई एयरपोर्ट के लिए यह योजना अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र के रूप में उसकी भूमिका बढ़ा सकती है।
