▪️ महा-कॉन्क्लेव का आयोजन
- मुंबई। अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करते हुए समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने वाली विशिष्ट प्रतिभाओं को मुंबई के गोरेगांव स्थित द वेस्टिन होटल के बैंक्वेट हॉल में आयोजित भव्य समारोह में ‘आज का कर्मवीर अवार्ड 2026’ प्रदान किया गया।

समारोह का आयोजन ‘आज का कर्मवीर सोशल फाउंडेशन’ की ओर से किया गया था।
समारोह में महाराष्ट्र के कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, गुजरात के पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडासमा, सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, श्री नारायणपुरम तीर्थ क्षेत्र शहादा धाम के सद्गुरु श्री लोकेशानंद जी महाराज, पद्मश्री कंवल सिंह चौहान, पद्मश्री भारत भूषण त्यागी, पद्मश्री पोपटराव पवार और योगेश लखानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
- समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में अपने कार्य और योगदान से विशिष्ट पहचान बनाने वाली अनेक प्रतिभाओं को कर्मवीर अवार्ड से सम्मानित किया गया। इनमें आईएएस गिरिवर दयाल सिंह, आईआरएएस दीपक खैरा, डॉ. नमिता निंबालकर, हरगोविंद सिंह तोमर, क्रिकेट कोच दिनेश लाड, दैनिक यशोभूमि के संपादक श्रीनारायण तिवारी, रणजीत सिंह, करण सिंह पवार और उभरती कलाकार तनिष्का शाह सहित 30 कर्मवीर शामिल थे।
कार्यक्रम की भव्यता और कर्मवीरों को सम्मानित करने के बाद अपने संबोधन में मंत्री श्री लोढ़ा ने कहा कि विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित करने के बाद वे स्वयं ऐसा महसूस कर रहे हैं जैसे वे खुद ही सम्मानित हुए हों। सम्मानित कर्मवीरों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि समाज में रचनात्मक और सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को पहचान और सम्मान देकर उन्हें आगे भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना इस आयोजन की महत्वपूर्ण संकल्पना है। उन्होंने आज का कर्मवीर सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष आर. पी. सिंह और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की।
- समारोह की खास बात रही कि आज का कर्मवीर सोशल फाउंडेशन की तरफ से एक दिव्यांग विद्यालय को 5 लाख 1 हजार रुपये की सहयोग राशि दी गई। समारोह में शिक्षा, पत्रकारिता, फिल्म, व्यापार, उद्योग, रियल एस्टेट, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, अर्थशास्त्र, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, अर्थशास्त्र और सनातन संस्कृति के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तीन विशेष चर्चा सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने विचार और सुझाव साझा किए।
स्वास्थ्य सत्र में बदलती जीवनशैली, खान-पान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर चर्चा हुई। अर्थशास्त्र से जुड़े सत्र में आर्थिक सक्षमता, भविष्य की आर्थिक चुनौतियों, रोजगार के अवसर और भारतीय प्रतिभाओं को देश में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं, सनातन संस्कृति से जुड़े सत्र में वैदिक शिक्षा, वैदिक विद्यालयों की परंपरा, अनुशासन, संस्कार और नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के विषय पर चर्चा हुई।
- ‘आज का कर्मवीर सोशल फाउंडेशन’ के अध्यक्ष आर. पी. सिंह ने कहा कि उनकी संकल्पना भविष्य में वैदिक विद्यालय स्थापित करने की है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से इस संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। फाउंडेशन के डायरेक्टर ऑपरेशन मृत्युंजय शाही ने कहा कि कर्मवीरों की प्रेरणा से युवाओं को आगे बढ़ाना और भारत के भविष्य को उज्ज्वल बनाने की कोशिशों में सहयोग देना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों से आए कर्मवीरों और गणमान्य लोगों की सहभागिता ने इसे विचार, सम्मान और सामाजिक संकल्प का साझा मंच बना दिया।
आज का कर्मवीर अवार्ड 2026 का यह आयोजन उन लोगों को पहचान देने की पहल के रूप में सामने आया, जिन्होंने अपने कर्म, परिश्रम और निरंतर प्रयासों से अपने क्षेत्र में योगदान दिया और समाज के लिए सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस आयोजन को सफल बनाने में फाउंडेशन के डायरेक्टर अमर सिंह और जेम्स डिसूजा, सीईओ अनुराधा सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह और डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह सहित फाउंडेशन की पूरी टीम का योगदान सराहनीय रहा।
