- सूर्यकांत उपाध्याय

एक गांव में विशाल नीम के पेड़ के नीचे एक विद्वान ब्राह्मण रहते थे। वे चारों वेदों के ज्ञाता थे। अनेक श्लोक उन्हें कंठस्थ थे और वे प्रतिदिन कठोर अनुशासन के साथ शास्त्रों का पाठ करते थे। अपने ज्ञान और धार्मिक अनुष्ठानों के कारण समाज में उनका बहुत सम्मान था।
एक दिन शास्त्रों का पाठ करते समय उनकी नजर एक ऐसे श्लोक पर पड़ी, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण को पतितों का उद्धारक और पापियों को भी प्रेम से गले लगाने वाला बताया गया था। यह पढ़कर ब्राह्मण नाराज हो गए। उन्होंने सोचा कि सर्वथा पवित्र भगवान अशुद्ध और पापी लोगों को कैसे स्वीकार कर सकते हैं? उन्हें लगा कि श्लोक में गलती है। अहंकारवश उन्होंने उस पंक्ति को अपनी पुस्तक से काट दिया।
उसी रात उन्हें एक अद्भुत सपना आया। उन्होंने देखा कि भगवान श्रीकृष्ण पीले वस्त्र और मोर मुकुट धारण किए उनके सामने खड़े हैं। लेकिन भगवान की छाती से रक्त बह रहा था। यह देखकर ब्राह्मण घबरा गए और बोले, ‘प्रभु! आपको किसने घायल कर दिया?’
भगवान ने उत्तर दिया, ‘तुमने।’
ब्राह्मण ने आश्चर्य से पूछा, ‘मैंने ऐसा क्या किया?’
भगवान बोले, ‘जिस श्लोक में मेरी करुणा और पतितों के प्रति प्रेम का वर्णन था, तुमने उसे गलत मानकर काट दिया। वह पंक्ति मेरे हृदय के अत्यंत निकट है, क्योंकि वही मेरे वास्तविक स्वरूप को प्रकट करती है। तुमने शास्त्र से उस पंक्ति को हटाया, लेकिन वास्तव में मेरे हृदय को चोट पहुंचाई है।’
यह सुनकर ब्राह्मण की आंखों से आंसू बहने लगे। उन्होंने क्षमा मांगते हुए स्वीकार किया कि उन्हें अपने ज्ञान और पवित्रता पर अहंकार हो गया था। वे भूल गए थे कि मनुष्य को पवित्र बनाने वाली उसकी योग्यता नहीं, बल्कि भगवान की कृपा है।
अगली सुबह ब्राह्मण पश्चाताप के साथ जागे। इसके बाद उन्होंने शास्त्रों का अध्ययन अपने ज्ञान का प्रदर्शन करने के लिए नहीं, बल्कि भगवान की करुणा को समझने के लिए शुरू किया।
