▪️600 स्टॉल पर मिलेगा साहित्य का खजाना, 200 से अधिक लेखक और साहित्यकार होंगे शामिल
• मुंबई
मुंबई में साहित्य और पुस्तकों के प्रति रुचि को नई पहचान देने के उद्देश्य से पहली बार भव्य पुस्तक महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। 24 से 29 नवंबर तक मुंबई विश्वविद्यालय के कलीना परिसर में होने वाले इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 24 नवंबर को शाम 4 बजे करेंगे।

- मुंबई भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक अमित साटम ने बताया कि इस पहल का लक्ष्य मुंबई को साहित्यिक और अकादमिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाना है।
- राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के निदेशक युवराज मलिक के अनुसार, महोत्सव में 600 पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें 200 से अधिक लेखक, साहित्यकार और वक्ता हिस्सा लेंगे। मराठी साहित्य के लिए विशेष मंच तैयार किया जाएगा। हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगु, कन्नड़ सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं की पुस्तकों को भी प्रमुखता मिलेगी।
- आयोजन के मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी ने बताया कि प्रतिदिन करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। महोत्सव के माध्यम से लोगों को डिजिटल माध्यमों की दुनिया से निकालकर पुस्तकों, विचारों और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

महोत्सव में महापुरुषों पर आधारित प्रदर्शनियां, बच्चों के लिए कहानी, कठपुतली, चित्रकला और सुलेख कार्यशालाएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे। प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। आयोजकों की योजना इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने के साथ अन्य जिलों तक भी विस्तार देने की है।
