
▪️मुंबई
मरीजों को सुरक्षित रक्त और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के लिए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्यभर में निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मुंबई के कूपर अस्पताल के ब्लड बैंक का लाइसेंस दो दिनों के लिए निलंबित किया गया है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच सात महीनों में 190 ब्लड बैंकों की जांच के बाद पांच के लाइसेंस रद्द और 40 के निलंबित किए गए। इसी दौरान 219 ब्लड स्टोरेज सेंटरों की जांच में 13 के लाइसेंस रद्द और 37 निलंबित हुए।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के अनुसार, अप्रैल से अक्टूबर तक दवा निर्माण और बिक्री प्रतिष्ठानों के 7,950 निरीक्षण किए गए। इस दौरान 555 लाइसेंस रद्द और 2,074 निलंबित किए गए। अकेले अक्टूबर में 1,986 निरीक्षणों के दौरान 544 लाइसेंसों पर कार्रवाई हुई।
अक्टूबर में 11 छापेमारी अभियानों में 34.51 लाख रुपए की दवाएं और कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त किए गए। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। मुंबई के आईएनएचएस अश्विनी में नकली दवाएं मिलने पर एक लाख रुपए से अधिक का स्टॉक जब्त हुआ। नागपुर में 22 लाख रुपए से अधिक की बिना लाइसेंस रखी दवाएं और पुणे में 4.05 लाख रुपए के अवैध कॉस्मेटिक साबुन भी पकड़े गए।
