■ 311 रन का लक्ष्य चेज कर फाइनल में धमाकेदार प्रवेश

● हरारे
भारतीय अंडर-19 टीम ने बुधवार को आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इतिहास रच दिया। अफगानिस्तान को 53 गेंदें शेष रहते सात विकेट से पराजित कर भारत ने न सिर्फ फाइनल का टिकट कटाया बल्कि टूर्नामेंट के सबसे बड़े लक्ष्य का सफल पीछा कर नया विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। यह भारत का 10वां अंडर-19 विश्व कप फाइनल है।
अफगानिस्तान द्वारा दिए गए 311 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को भारत ने 41.1 ओवर में मात्र तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस यादगार जीत के केंद्र में रहे आरोन जॉर्ज, जिन्होंने दबाव भरे मुकाबले में शानदार शतक जड़ा। जॉर्ज ने 104 गेंदों पर 15 चौके और दो छक्कों की मदद से 115 रन की लाजवाब पारी खेली और टीम की जीत की नींव रखी।
उनका भरपूर साथ दिया वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने। वैभव ने आक्रामक अंदाज़ में 33 गेंदों पर 68 रन ठोके, जिसमें नौ चौके और चार छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान आयुष ने संयम और आक्रामकता का संतुलन साधते हुए 59 गेंदों में 62 रन बनाए। इन तीनों पारियों ने भारत की जीत को एकतरफा बना दिया।
इस मुकाबले के साथ भारत अंडर-19 विश्व कप इतिहास में 300 से अधिक रन का लक्ष्य हासिल करने वाली दूसरी टीम बनी। इससे पहले 2006 में न्यूज़ीलैंड ने यह कारनामा किया था। करीब दो दशक बाद भारत ने उस रिकॉर्ड को तोड़कर नया मानक स्थापित किया।
अब भारतीय युवा टीम का सामना फाइनल में इंग्लैंड से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराया। अंडर-19 विश्व कप का खिताबी मुकाबला शुक्रवार को हरारे में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम एक और स्वर्णिम अध्याय लिखने के इरादे से उतरेगी।
