
● चंडीगढ़
एक भावनात्मक और प्रेरणादायक मिलन के अवसर पर देश के वरिष्ठ प्रशासक एवं पूर्व सीबीआई प्रमुख तथा आरबीआई से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व जे. एल. नेगी ने लगभग एक दशक बाद योग गुरु, पालघर पीठाधीश्वर योगीराज भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज से भेंट की। इस विशेष मुलाकात में दोनों ने पुरानी स्मृतियों को जीवंत करते हुए बांसुरी वादन के माध्यम से अपने आध्यात्मिक और भावनात्मक जुड़ाव को अभिव्यक्त किया।
श्री नेगी ने योगीराज का स्वागत-सम्मान करते हुए उनके द्वारा संचालित “सेव सेल्फ ग्लोबल अभियान” की सराहना की और इसे विश्वस्तरीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि जब वे मुंबई में चीफ जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, उसी दौरान उन्हें योगीराज के सान्निध्य में योग सीखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

वर्तमान में अवकाश प्राप्त जीवन व्यतीत कर रहे श्री नेगी चंडीगढ़ तथा अपने पैतृक स्थान पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ सक्रिय रूप से समाज सेवा कर रहे हैं। वे श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, मुंबई के मार्गदर्शक संरक्षक के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि श्री नेगी अपने कार्यकाल में कई चर्चित मामलों, विशेषकर सत्यम घोटाले की जांच में नेतृत्व करने के लिए जाने जाते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने योगीराज की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए अपने पैतृक स्थान पर आने का आमंत्रण भी दिया। यह मिलन न केवल गुरु-शिष्य परंपरा का जीवंत उदाहरण बना, बल्कि समाज सेवा और आध्यात्मिक जागरण के प्रति समर्पण का संदेश भी दे गया।
इस मुहिम में मुख्य रूप से कलांतर आर्ट्स, रॉडगो फाउंडेशन, एरोकाम टेक्नोलॉजी, एस. एन. ग्लोबल स्कूल, ट्रू स्मार्ट प्रॉपर्टी, कुटीर महाविद्यालय, श्री हरि नारायण आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, पं. सूर्यमणि त्रिपाठी वैद्य इंटर कॉलेज, विनडीएनए, यूज़ टू लॉजिस्टिक आदि संस्थाएं इसे आगे बढ़ाने में सक्रिय हैं।
