■ पंजाब पुलिस की नई डिजिटल मुहिम

● अमृतसर
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने संगठित अपराध और नशे के खिलाफ अपनी लड़ाई को तकनीकी धार देते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित पुलिसिंग सिस्टम लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है, जिससे अपराधियों पर शिकंजा और कसने की तैयारी है।
इस सहयोग से पंजाब पुलिस को अपराधियों और गैंगस्टर नेटवर्क की सटीक पहचान और मैपिंग में मदद मिलेगी। एआई टूल्स के माध्यम से राज्य के भीतर ही नहीं, बल्कि राज्य के बाहर और विदेशों में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क पर भी नजर रखी जा सकेगी।
परियोजना के तहत डॉ बी. आर. आंबेडकर इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस और आईआईटी रोपर के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। वहीं एम्स मोहाली में स्थापित डेटा इंटेलिजेंस और तकनीकी सहायता इकाई इस परियोजना के संचालन में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का कार्य करेगी।
आईआईटी रोपड़ इस पहल के लिए उन्नत सॉफ्टवेयर विकसित करेगा, जिसमें डेटा एनालिटिक्स, वॉइस रिकग्निशन और डैशबोर्ड आधारित मॉनिटरिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। इससे रियल-टाइम ट्रैकिंग और इंटेलिजेंस आधारित पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी।
