■ 23 को खिलेंगे कपाट
■ एटीएस संभालेगी सुरक्षा व्यवस्था

● देहरादून
उत्तराखंड के पावन बदरीनाथ धाम में 23 अप्रैल को कपाट खुलने से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। यात्रा सीजन शुरू होने से पूर्व ही पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से अभेद्य बनाने की कवायद तेज कर दी गई है।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए चमोली पुलिस ने धाम और आसपास के इलाकों में अलर्ट घोषित कर दिया है। यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए बहु-स्तरीय सुरक्षा योजना लागू की गई है। प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का भी व्यापक उपयोग किया जा रहा है। धाम परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
इस बार सुरक्षा व्यवस्था में आतंकवादी निरोध दस्ता (एटीएस) की तैनाती को विशेष महत्व दिया गया है। एटीएस की टीम हर संभावित खतरे पर पैनी नजर बनाए हुए है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते समाप्त किया जा सके।
प्रशासन का दावा है कि यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सहज बनाने के उद्देश्य से सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली गई हैं। इससे भक्त बिना किसी भय के भगवान बदरीनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
