
● मुंबई
फिल्म गीतकार एवं वरिष्ठ टीवी पत्रकार मनोज भावुक को पटना के ऐतिहासिक बापू सभागार में जी मीडिया द्वारा आयोजित भव्य समारोह में ‘भोजपुरी भाषा शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें ‘ग्लोबल भोजपुरी एम्बेसडर’ तथा ‘भोजपुरी आइकॉन’ की प्रतिष्ठित उपाधियों से भी अलंकृत किया गया। उन्हें यह सम्मान ज़ी बिहार-झारखंड के संपादक राजकमल चौधरी, ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के संपादक रमेश चंद्रा व भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल निरहुआ ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।
सम्मान ग्रहण करते हुए मनोज भावुक ने कहा, ‘जब साहित्य सिनेमा के साथ चलने लगता है तो सिनेमा खिल जाता है। इसलिए भोजपुरी सिनेमा को साहित्य के साथ चलने की जरूरत है। साथ ही मनोज ने जोर देकर कहा कि भोजपुरी एक अंतरराष्ट्रीय भाषा है, इसलिए सरकार को भी इसे आठवीं अनुसूची में शामिल कर भाषा का दर्जा दे देना चाहिए। भोजपुरी करोड़ों लोगों की सांस्कृतिक आत्मा और भावनात्मक पहचान है।’
समारोह में राजनीति, मीडिया, सिनेमा, साहित्य और संस्कृति जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं।
