
● मुंबई
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य को तकनीक-आधारित विकास का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा रोडमैप पेश किया है। इमेजिनष्ट 2026 के उद्घाटन अवसर पर मुंबई में उन्होंने घोषणा की कि महाराष्ट्र 2031 तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए आई) से जुड़े 1.5 लाख से अधिक रोजगार सृजित करने और 10,000 करोड़ रुपए निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ए आई आने वाले समय में व्यापार, शासन और आम जीवन को पूरी तरह बदल देगा और महाराष्ट्र इस बदलाव का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। इसके तहत राज्य सरकार ने 6 ए आई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, 5 ए आई इनोवेशन सिटी, 500 करोड़ रुपए का ए आई स्टार्टअप फंड, 12 ए आई इनक्यूबेटर और 2,000 जी पी यू
की साझा कंप्यूटिंग सुविधा विकसित करने की योजना बनाई है।
फडणवीस ने राज्य की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए बताया कि महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था 2015 के 14 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर लगभग 54 लाख करोड़ रुपए हो चुकी है और देश के कुल एफडीआई में 31 प्रतिशत योगदान दे रही है। उन्होंने 2030 तक महाराष्ट्र को
1 ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य भी दोहराया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतेन्द्र सिंह ने कहा कि भारत परिवर्तन के दशक में प्रवेश कर चुका है, जहां ए आई , क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा प्रमुख भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि भारत का स्पेस सेक्टर, जिसकी वर्तमान कीमत लगभग 9 अरब डॉलर है, अगले दशक में 40–45 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
