
▪️ मुंबई
संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रबोधनकार ठाकरे म्युनिसिपल स्कूल, शिवड़ी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिवड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों के निरंकारी भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 234 यूनिट रक्तदान किया। रक्त संकलन का कार्य संत निरंकारी ब्लड बैंक, विले पार्ले द्वारा किया गया।
शिविर का शुभारंभ निरंकार परमात्मा की प्रार्थना के साथ रफी अहमद किडवाई मार्ग पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत होलकर की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मिशन के सेवादल के क्षेत्रीय संचालक शंकर सोनवणे, संयोजक केशव पवार सहित विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक एवं सेवादल अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिवड़ी के नगरसेवक सचिन पडवल तथा लालबाग के नगरसेवक किरण तावडे ने भी शिष्टाचार भेंट कर मिशन की मानवता-सेवा आधारित गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने रक्तदान को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सेवा बताया।
स्थानीय मुखी मोहन धुरी के मार्गदर्शन में सेवादल तथा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने शिविर का सफल संचालन किया। मिशन का मानना है कि रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि निःस्वार्थ सेवा और मानव कल्याण का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा करने के साथ समाज में सेवा और भाईचारे का संदेश भी प्रसारित करते हैं।
