
▪️ मुंबई
मुंबई उपनगर के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 जून को जोगेश्वरी स्थित इस्माईल युसुफ कॉलेज में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। यह मेला सांसद रवींद्र वायकर की पहल पर आयोजित किया जा रहा है और जिला कौशल विकास, रोजगार व उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र (मुंबई उपनगर) तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार मेले के सहयोग से संपन्न होगा।
यह रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें 40 से अधिक नामांकित कंपनियां भाग लेंगी। बैंकिंग, आईटी, रिटेल, होटल मैनेजमेंट, मैन्युफैक्चरिंग, सेल्स और सर्विस सेक्टर के सैकड़ों रिक्त पदों के लिए मौके पर ही इंटरव्यू लिए जाएंगे। योग्य उम्मीदवारों का प्राथमिक चयन भी स्थल पर ही किया जाएगा, जिससे युवाओं को तुरंत रोजगार का अवसर मिल सकेगा।
10वीं और 12वीं पास या फेल, आईटीआई और डिप्लोमा धारक, स्नातक, स्नातकोत्तर तथा तकनीकी शिक्षा प्राप्त उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा अवसर है। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने साथ 4 से 5 बायोडाटा की प्रतियां, शैक्षणिक दस्तावेज और आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा।
