▪️ कई इलाकों में झमाझम बारिश, बुधवार तक येलो अलर्ट; झीलों में जल भंडार अब भी चिंता का विषय

▪️ मुंबई
मुंबई में हुई प्री-मानसून बारिश ने उमस भरे मौसम से जूझ रहे लोगों को राहत दी है। शहर के कुर्ला, अंधेरी, पवई, दादर, बांद्रा, वर्ली और परेल सहित कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मुंबई पहुंचने की पूरी संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है। रविवार सुबह 6 से 7 बजे के बीच घाटकोपर में 24 मिमी, चेंबूर में 20 मिमी, मानखुर्द में 16 मिमी, वर्ली में 25 मिमी और लोअर परेल में 21 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
हालांकि, नगर निगम के अनुसार शहर में कहीं भी जलभराव की सूचना नहीं है। इस साल 8 जून के बाद मानसून की प्रगति रुक गई थी, जिसके चलते मुंबई में देरी हुई। अब अनुकूल मौसमीय परिस्थितियों के कारण इसके जल्द पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
जलसंकट की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। शहर को पानी सप्लाई करने वाली सात झीलों में कुल जल भंडार महज 8.68 प्रतिशत रह गया है। पिछले साल की तुलना में इस समय जलस्तर काफी कम है।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगमन के साथ ही बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे जल संकट से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
