
▪️ मुंबई
प्रथम ‘अनुतोष पाण्डेय स्मृति सम्मान’ कवि बोधिसत्व को प्रदान करने की घोषणा रविवार (१४ जून) को वाराणसी में की गयी। तीन सदस्यों वाली निर्णय समिति की ओर से प्रो बलिराज पाण्डेय (वरिष्ठ साहित्यकार एवं भूतपूर्व विभागाध्यक्ष, हिन्दी विभाग, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी), प्रो कमलेश वर्मा (सुप्रसिद्ध समालोचक एवं अध्यक्ष, हिन्दी विभाग, राजकीय महिला महाविद्यालय सेवापुरी, वाराणसी) एवं डॉ संज्ञा पाण्डेय (उदीयमान साहित्यकार एवं सहायक प्रोफेसर, इतिहास, एमिटी यूनिवर्सिटी, पटना) ने प्रतिष्ठित कवि बोधिसत्व को उनकी काव्य-कृति ‘अयोध्या में कालपुरुष’ को इस सम्मान के लिये चुना।
देश भर से प्राप्त 38 प्रविष्टियों के साहित्यिक मूल्यांकन के बाद निर्णायक मण्डल ने मुंबई-निवासी बोधिसत्व की काव्य-कृति को सर्वश्रेष्ठ पाया। कवि बोधिसत्व मूलतः भदोही, सुरियावां के ग्राम भिखारीरामपुर के वासी हैं और मुंबई में रहते हैं। ‘अनुतोष पाण्डेय स्मृति सम्मान’ हिन्दी की सभी विधाओं में से एक श्रेष्ठ कृति को प्रति वर्ष प्रदान किया जाएगा।
