▪️ कल्लू महाराज का युवाओं से सनातन मूल्यों हेतु आह्वान
- मुंबई
भारत-मॉरीशस सनातन अधिवेशन के दौरान काशी के प्रमुख मंदिर के महंत अवशेष पांडेय (कल्लू महाराज) ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन से मॉरीशस की धरती पर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का संदेश पहुंचाया। ब्रह्मराष्ट्र एकम विश्वास महासंघ द्वारा आयोजित इस अधिवेशन में उनके विचारों को विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमुदाय ने उत्साहपूर्वक सुना।

मॉरीशस विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कल्लू महाराज ने कहा कि आज का युवा वर्ग अनेक चुनौतियों से घिरा हुआ है। जीवन मूल्यों से दूर होने और नशे जैसी बुराइयों की ओर बढ़ने से समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि युवा सनातन संस्कृति, नैतिक मूल्यों और भारतीय परंपराओं को अपनाएं तो उनका जीवन अधिक सार्थक और सफल बन सकता है।
कल्लू महाराज के संबोधन से मॉरीशस विश्वविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रभावित हुए। उनके विचारों का उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।
अधिवेशन ने भारत और मॉरीशस के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ-साथ युवाओं में सनातन मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।
