▪️ मुंबई तट से दूर खराब मौसम में हेलीकॉप्टर के जरिए सफल रेस्क्यू, समय रहते पहुंचाई चिकित्सा सहायता

- मुंबई
समुद्र में एक चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान को अंजाम देते हुए भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्टल गार्ड ) ने मुंबई तट से दूर स्थित तेल टैंकर एम टी देश शक्ति से एक घायल नाविक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह ऑपरेशन खराब मौसम और ऊंची लहरों के बीच बेहद सतर्कता के साथ किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहाज पर कार्यरत एक नाविक गंभीर रूप से घायल हो गया था। समुद्र के बीच होने के कारण उसे तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना संभव नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जहाज से तटरक्षक बल को आपात संदेश भेजा गया।
सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल ने तुरंत सर्च एंड रेस्क्यू (एस ए आर ) ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने हेलीकॉप्टर की मदद से समुद्र के बीच पहुंचकर घायल नाविक को सुरक्षित बाहर निकाला। चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद टीम ने कुशलता और तेजी से ऑपरेशन को अंजाम दिया।
