
▪️ मुंबई
मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक ओर जहां जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं दूसरी ओर शहर के पेयजल भंडार को बड़ी राहत दी है। पिछले 24 घंटों में मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाली सातों झीलों के जल भंडार में 3.73 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही कुल जल भंडारण बढ़कर 16.92 प्रतिशत हो गया है। मानसून की शुरुआत में जल संकट की आशंकाओं के बीच यह बढ़ोतरी शहर के लिए राहतभरी खबर मानी जा रही है।
जल अभियंता विभाग के अनुसार, रविवार सुबह 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक हुई वर्षा के बाद सातों झीलों में कुल 2,44,900 मिलियन लीटर पानी संग्रहित हो चुका है। लगातार हो रही बारिश से सभी जलाशयों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
सबसे अधिक भराव विहार झील में दर्ज किया गया है, जो अपनी कुल क्षमता के 90.61 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इसके बाद तुलसी झील 82.14 प्रतिशत, मोडक सागर 30.96 प्रतिशत, मध्य वैतरणा 18.35 प्रतिशत, तानसा 17.34 प्रतिशत, भातसा 14.12 प्रतिशत तथा ऊपरी वैतरणा 4.99 प्रतिशत क्षमता तक भर चुकी है।
उधर, भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी रखते हुए अगले कुछ घंटों में अत्यधिक भारी वर्षा और तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी दी है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों में नहीं जाने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
