
▪️मुंबई
मोबाइल फोन पर बार-बार कॉल ड्रॉप, आवाज टूटने या बातचीत के दौरान दूसरी तरफ की आवाज सुनाई नहीं देने जैसी समस्याओं से परेशान यूजर्स के लिए भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने MyCall ऐप को नए रूप में पेश किया है। इस ऐप के जरिए मोबाइल यूजर्स अपने कॉलिंग अनुभव का सीधे फीडबैक दे सकेंगे। इससे नेटवर्क की गुणवत्ता का वास्तविक आकलन करने में मदद मिलेगी।
MyCall ऐप पर यूजर्स फोन कॉल के बाद उसे 1 से 5 स्टार तक रेटिंग दे सकते हैं। यदि कॉल अचानक कट गई, आवाज में रुकावट आई, एक तरफ की आवाज नहीं सुनाई दी, बातचीत में देरी हुई, इको या क्रॉस-कनेक्शन जैसी समस्या आई तो उसका फीडबैक भी दर्ज किया जा सकता है।

खास बात यह है कि ऐप केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं है। बड़ी संख्या में यूजर्स से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर TRAI अलग-अलग क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और वॉयस कॉल की गुणवत्ता को बेहतर तरीके से समझ सकेगा। इससे खराब नेटवर्क वाले क्षेत्रों की पहचान करने और दूरसंचार कंपनियों को सेवा में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाने में मदद मिल सकती है।
नए संस्करण में कॉल हिस्ट्री के जरिए बाद में भी किसी कॉल को रेट करने और एक साथ कई कॉल का फीडबैक देने जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं। ऐप में हिंदी समेत भारतीय यूजर्स के लिए भाषा संबंधी सुविधा भी उपलब्ध है। फिलहाल MyCall ऐप Android यूजर्स के लिए उपलब्ध है।
