
▪️रायबरेली
मुरादाबाद के लब्धप्रतिष्ठित साहित्यकार और साहित्यभूषण सम्मान से विभूषित हिंदी के सेवानिवृत्त आचार्य डॉ. महेश ‘दिवाकर’ को साहित्य जगत में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए रायबरेली जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. शिवबहादुर सिंह भदौरिया स्मृति सम्मान से विभूषित किया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. महेश ‘दिवाकर’ ने अब तक हिंदी साहित्य को एक सौ से अधिक मौलिक कृतियां और इतने ही संपादित ग्रंथ दिए हैं। उन्होंने विश्व के 31 देशों में हिंदी के लिए समारोह आयोजित किए और यात्राएं की हैं। उनके निर्देशन में 55 से अधिक शोधार्थियों ने पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है।
मुरादाबाद के मिलन विहार में उन्होंने 11 कक्षों वाले एक भवन का निर्माण कराया है, जहां देश-विदेश से आने वाले साहित्यकार नि:शुल्क ठहरते हैं।

सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 25 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से नवनिर्मित महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राजा बेनीमाधव बख्श सिंह स्मृति विशाल सभागार भवन का लोकार्पण भी किया। इसी अवसर पर लखनऊ की साहित्यकार पद्मश्री डॉ. विद्याविंदु सिंह को भी डॉ. शिवबहादुर सिंह भदौरिया स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुछ महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान स्वरूप डॉ. महेश ‘दिवाकर’ को स्व. राजा बेनीमाधव बख्श सिंह की भव्य प्रतिमा, नामांकित सम्मान पत्र और भगवा वस्त्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नवनिर्मित भव्य सभागार, महाराजा की प्रतिमा, संग्रहालय, प्रदर्शनी और साहित्य-स्मारिका का भी लोकार्पण किया।
