- विनीत त्रिपाठी @वाराणसी। नेपाल में आई भीषण बाढ़ की त्रासदी में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए काशी के केदारखंड स्थित श्री गौरीकेदारेश्वर महादेव मंदिर में विशेष अलंकार-श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर बाबा गौरीकेदारेश्वर महादेव को अर्धनारीश्वर स्वरूप में सजाया गया। यह विशेष श्रृंगार गौरीकेदारेश्वर महंत परिवार एवं पुजारी परिवार की ओर से नेपाल में आई त्रासदी को समर्पित रहा।

गौरीकेदारेश्वर महादेव मंदिर, काशी के उपमहंत एवं प्रमुख पुजारी पंडित अवशेष पांडेय (कल्लू महाराज) ने बताया कि महंत परिवार और पुजारी परिवार ने मिलकर बाबा से प्रार्थना की कि नेपाल में आई त्रासदी में जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उन्हें बाबा अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और उनके शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें।
कल्लू महाराज ने कहा कि बाबा से यह भी कामना की गई कि नेपाल त्रासदी में जो लोग लापता हैं, वे जल्द से जल्द अपने परिजनों से मिल सकें और उनके परिवारों में फिर से खुशियां लौटें। साथ ही, भविष्य में ऐसी भीषण त्रासदी दोबारा न आए और बाबा की कृपा सभी पर बनी रहे, इसके लिए भी प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर महंत परिवार, मंदिर के पुजारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और नेपाल में प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बाबा गौरीकेदारेश्वर से सामूहिक प्रार्थना की।
