▪️निर्माण कार्यों में तेजी लाने की तैयारी, पूजा-अर्चना रहेगी जारी
- नासिक । महाराष्ट्र के नाशिक में आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के बीच त्र्यंबकेश्वर मंदिर को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए करीब दो महीने तक बंद रखने का प्रस्ताव सामने आया है। हालांकि, इस दौरान मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना जारी रहेगी। मंदिर बंद करने के संबंध में अंतिम निर्णय देवस्थान के विश्वस्त मंडल की बैठक के बाद लिया जाएगा।

सिंहस्थ कुंभ मेले का ध्वजारोहण 31 अक्टूबर को होना है। इसके मद्देनजर त्र्यंबकेश्वर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। दर्शन पथ और आंतरिक सड़कों का कंक्रीटीकरण करने के साथ कुशावर्त तीर्थ सहित प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार, घाटों का निर्माण और फर्श बदलने का काम चल रहा है। श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही के कारण इन कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने में दिक्कतें आ रही हैं। इसी वजह से कुशावर्त तीर्थ को भी 31 अक्टूबर तक बंद रखा गया है।
पालकमंत्री गिरीश महाजन ने हाल ही में त्र्यंबकेश्वर पहुंचकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए मंदिर को अस्थायी रूप से बंद रखने के विकल्प पर विचार किया गया।
प्रशासन अब ठेकेदारों के साथ बैठक कर अतिरिक्त श्रमिक और मशीनरी तैनात करने की तैयारी में है, ताकि दिन-रात काम करके निर्माण कार्य समय पर पूरे किए जा सकें। प्रस्ताव के तहत शुरुआती तौर पर दो महीने तक श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका जा सकता है। हालांकि, मंदिर बंद रखने की अवधि और तारीखों पर अंतिम फैसला होने के बाद ही श्रद्धालुओं के लिए स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
