▪️बीएलओ घर-घर जाकर जुटाएंगे दस्तावेज, ऑनलाइन भी कर सकेंगे दावा
- मुंबई। महाराष्ट्र में प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम नहीं मिलने से परेशान नागरिकों के लिए राहत की खबर है। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर 2026 तय की है। ऐसे में पात्र नागरिकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर अपना नाम सूची में शामिल कराने का अवसर मिलेगा।

मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेज जुटाने और सत्यापन के लिए आवेदन भेजने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे नागरिकों को आवेदन संबंधी औपचारिकताओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है।
- ऑनलाइन भी जांच सकेंगे नाम
जिन नागरिकों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं है, वे निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल या महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम जांच सकते हैं। नाम नहीं मिलने पर प्रपत्र-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। - बाहर रहने वाले भी कर सकते हैं आवेदन
नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से अपने घर से दूर रहने वाले पात्र नागरिक भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, जिन लोगों का नाम सूची में मौजूद है, लेकिन उन्हें सत्यापन के लिए नोटिस मिला है, उन्हें इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है।
निर्वाचन आयोग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें। नाम दर्ज नहीं होने की स्थिति में समय रहते आवेदन करें, ताकि चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
