● मौसम विभाग ने दी अतिवृष्टि की चेतावनी, केवल अत्यावश्यक कार्य पर ही घर से निकलने की सलाह

मुंबई।
भारतीय मौसम विभाग ने 18 अगस्त 2025 को बृहन्मुंबई क्षेत्र में अतिमूसलधार बारिश की चेतावनी जारी की है। सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश के चलते विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (मनपा) के आयुक्त एवं प्रशासक भूषण गगराणी ने आदेश जारी कर दिया है कि शहर में दूसरे सत्र यानी दोपहर 12 बजे के बाद लगने वाले सभी स्कूल और महाविद्यालयों में आज अवकाश रहेगा।
नागरिकों से प्रशासन की अपील
मुंबई महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। किसी भी प्रकार की मदद या अधिकृत जानकारी के लिए बीएमसी के मुख्य नियंत्रण कक्ष की हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क करने का आग्रह भी किया गया है।

मुंबई में हुई बारिश का विवरण (सुबह 8:30 से 11:30 बजे तक)
टाटा पावर, चेंबूर : 91.5 मिमी
विक्रोली : 78.5 मिमी
जुहू : 60.0 मिमी
शीव (सायन) : 58.5 मिमी
बांद्रा : 50.0 मिमी
सांताक्रूज़ : 47.2 मिमी
कुलाबा : 29.0 मिमी