
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने मुख्य सचिव राजेश कुमार के कार्यकाल को तीन माह के लिए बढ़ा दिया है। अब वे 1 सितंबर से 30 नवंबर 2025 तक इस पद पर बने रहेंगे। इस संबंध में आदेश केंद्र सरकार से राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग को प्राप्त हुए हैं।
1988 बैच के आईएएस अधिकारी राजेश कुमार ने 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त हुईं सुजाता सौनिक के स्थान पर मुख्य सचिव का पद संभाला था। वे 31 अगस्त को रिटायर होने वाले थे, लेकिन राज्य सरकार ने उन्हें अतिरिक्त तीन माह का विस्तार देकर सरकार की नीतियों और योजनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर दिया है।
मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर जलगांव के कलेक्टर आयुष प्रसाद ने भी उन्हें कार्यकाल विस्तार की बधाई दी।