● शिल्पा शेट्टी का रेस्टोरेंट ‘बास्टियन बांद्रा’ बंद

मुंबई का चर्चित रेस्टोरेंट ‘बास्टियन बांद्रा’, इस हफ्ते अपने दरवाज़े हमेशा के लिए बंद कर रहा है। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और रेस्टोरेंट व्यवसायी रंजीत बिंद्रा की साझेदारी में चल रहा यह रेस्टोरेंट, बास्टियन हॉस्पिटैलिटी ग्रुप का हिस्सा था और लंबे समय से शहर के भोजन-प्रेमियों और सेलेब्रिटीज़ की पहली पसंद बना हुआ था।
लिंकिंग रोड, बांद्रा वेस्ट स्थित यह रेस्टोरेंट पहली बार 2016 में शुरू हुआ था और 2023 में बड़े स्पेस में स्थानांतरित किया गया। बहु-स्तरीय आकर्षक इंटीरियर और सी-फूड पर विशेष फोकस के साथ यहां शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों का भी विस्तृत मेन्यू उपलब्ध था। सालों में यह मुंबई की सबसे पसंदीदा डाइनिंग डेस्टिनेशंस में गिना जाने लगा।
इस रेस्टोरेंट की सबसे बड़ी खासियत रही यहाँ अक्सर आने वाले सितारे। बॉलीवुड से करीना कपूर खान, मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर, करिश्मा कपूर, अनन्या पांडे, जान्हवी कपूर, सुहाना खान जैसे कई नामी चेहरे यहाँ नियमित रूप से देखे जाते थे। इसके कारण यह जगह न केवल खाने के शौकीनों बल्कि स्टार-स्टडेड नाइटलाइफ़ का केंद्र भी बन गई थी।

रेस्टोरेंट के बंद होने की घोषणा करते हुए शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भावुक संदेश साझा किया, ‘इस गुरुवार एक युग का अंत है, जब हम मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित स्थानों में से एक, बास्टियन बांद्रा को अलविदा कहेंगे। इस जगह ने हमें अनगिनत यादें दीं, अविस्मरणीय रातें दीं और शहर की नाइटलाइफ़ को आकार दिया। अब यह अंतिम विदाई ले रहा है।’
रेस्टोरेंट अपने वफ़ादार ग्राहकों के लिए एक विशेष फेयरवेल ईवनिंग का आयोजन करेगा ताकि उसकी अब तक की यात्रा का जश्न मनाया जा सके।