मोहम्मद यूनुस का राष्ट्र के नाम संबोधन

ढाका। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख और नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित अर्थशास्त्री डॉ. मुहम्मद यूनुस ने देशवासियों के नाम अपने हालिया संबोधन में आम चुनाव की तिथि की घोषणा कर दी है। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश में अगला आम चुनाव अप्रैल 2026 के पहले सप्ताह में कराया जाएगा। यह चुनाव पिछले वर्ष अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन और हिंसक राजनीतिक उथल-पुथल के बाद देश का पहला राष्ट्रीय मतदान होगा।
यूनुस ने कहा कि चुनाव आयोग जल्द ही एक विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करेगा, जिसमें मतदाता सूची के अद्यतन, चुनावी सुधारों और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उपायों का उल्लेख होगा। डॉ. यूनुस ने यह स्पष्ट किया कि अंतरिम सरकार का लक्ष्य एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी चुनाव कराना है, ताकि बांग्लादेश लोकतंत्र के एक नए युग में प्रवेश कर सके। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पिछले 15 वर्षों से मतदाता सूची की कोई गंभीर समीक्षा नहीं की गई है, जिससे इसे दुरुस्त करना एक कठिन चुनौती है। परंतु सरकार इस चुनौती का डटकर सामना करने के लिए प्रतिबद्ध है।
यूनुस के इस संबोधन को बांग्लादेश के राजनीतिक भविष्य को लेकर एक निर्णायक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।