
श्रीनगर। कटरा स्थित मां वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा अब और अधिक सशक्त हो गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने आध्यात्मिक केंद्र कटड़ा में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर समर्पित किया, जिसका उद्घाटन उपराज्यपाल एवं श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने किया।
इस हाईटेक केंद्र की खास बात यह है कि यह 24 घंटे धाम में हो रही गतिविधियों पर नजर रखेगा। 700 एआई-सक्षम एचडी सीसीटीवी कैमरे पूरे मार्ग और भवन परिसर में लगाए गए हैं। इसके साथ ही सात सब-सेंटर भी बनाए गए हैं, जहां से हर क्षण की निगरानी की जा सकेगी, चाहे वह श्रद्धालु हों, सेवाकर्मी हों या श्रमिक। करीब 20 करोड़ रुपए की इस परियोजना का उद्देश्य न केवल सुरक्षा पुख्ता करना है बल्कि भीड़ प्रबंधन और आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देना भी है।
यह प्रणाली यात्रियों को हो रही असुविधाओं पर भी नजर रखेगी। विशेषकर पालकी, घोड़ा और पिट्ठू सेवा देने वाले श्रमिकों द्वारा श्रद्धालुओं से हो रहे दुर्व्यवहार को रोकने में भी यह केंद्र मददगार होगा। इस पहल से मां वैष्णो देवी यात्रा अब न केवल आध्यात्मिक बल्कि तकनीकी रूप से भी अधिक संरक्षित और सुव्यवस्थित हो गई है।