
● नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच प्रतिष्ठित एशेज 2025 सीरीज का आगाज शुक्रवार, 21 नवंबर से पर्थ में होने जा रहा है। सीरीज के पहले टेस्ट मैच के लिए मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने अपनी अंतिम एकादश घोषित कर दी है। कप्तान पैट कमिंस अभी पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं, इसलिए इस मुकाबले में टीम की कमान स्टीव स्मिथ के हाथों में रहेगी।
इस टेस्ट की एक खास बात यह है कि 15 वर्षों बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में एक साथ दो नए खिलाड़ियों को पदार्पण करने का अवसर मिल रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में जेक वेदरल्ड और ब्रेंडन डॉगेट बतौर डेब्यू खिलाड़ी उतरेंगे। पिछली बार यह मौका 2010-11 एशेज में मिला था, जब एक ही मैच में उस्मान ख्वाजा और माइकल बीर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था।
पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई लाइनअप अनुभव और नई ऊर्जा का संगम प्रस्तुत करता है। शीर्ष क्रम में ख्वाजा और वेदरल्ड की जोड़ी उतरेगी, जबकि मध्य क्रम में लाबुशेन, स्मिथ और ट्रैविस हेड जैसी मजबूत मौजूदगी इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए चुनौती होगी। गेंदबाजी में मिशेल स्टार्क की तेज रफ्तार, नाथन लियोन का अनुभव और स्कॉट बोलैंड की धार टीम को मजबूती देंगे।
पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की अंतिम एकादश इस प्रकार है- उस्मान ख्वाजा, जेक वेदरल्ड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रैविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, ब्रेंडन डॉगेट, स्कॉट बोलैंड।
