■ बंगाल की खाड़ी में तूफान से महाराष्ट्र में बरसात की भी संभावना

● मुंबई
महाराष्ट्र के कई जिलों में तापमान लगातार नीचे जा रहा है और राजधानी मुंबई भी इस ठंड की चपेट में है। नवंबर के पहले हफ्ते से न्यूनतम तापमान गिरना शुरू हुआ था, वहीं अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है। यह स्थिति नवंबर के तीसरे हफ्ते तक जारी है। सांताक्रूज-मुंबई के मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार का अधिकतम तापमान लगभग (33.3)°C और न्यूनतम तापमान (16.2)°C दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से (0.7)°C कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से (5.0)°C कम था। हालांकि मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों में तापमान फिर चढ़ सकता है और आने वाले हफ्ते में ठंड लगभग गायब हो जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार सांताक्रूज में बुधवार को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो औसत से पाँच डिग्री कम है। नवंबर महीने में यह बीते 11 सालों का सबसे कम तापमान है। इससे पहले 2016 में 11 नवंबर को 16.3 डिग्री, और 2024 में 29 नवंबर को 16.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। 2022 में 22 नवंबर को पारा 17 डिग्री तक गिरा था। मुंबई में नवंबर का अब तक का सबसे कम तापमान 19 नवंबर 1950 को दर्ज हुआ था, जब पारा 13.3 डिग्री तक जा पहुँचा था।

उत्तरी और मध्य महाराष्ट्र में चल रही ठंडी हवाओं का असर उत्तर मुंबई पर भी दिख रहा है, जबकि दक्षिण मुंबई में न्यूनतम तापमान अभी भी 20 डिग्री से ऊपर है।
मौसम विभाग के जानकारों के अनुसार यह ठंड एक हफ्ते तक बनी रह सकती है, लेकिन इसके बाद तापमान बढ़ने के साथ ही हल्की बारिश की संभावना भी है। बंगाल की खाड़ी में शनिवार को निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो सोमवार तक गहरे निम्न दबाव में बदल सकता है। यह प्रणाली आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट से होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ेगी, जिससे उत्तर और ईशान्य दिशा से महाराष्ट्र आने वाली ठंडी हवाएँ रुक सकती हैं। इसके चलते राज्य में ठंड कम हो जाएगी। रविवार और सोमवार को रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।
