■ अमर महल टनल कनेक्शन कार्य के चलते व्यापक असर

● मुंबई ।
मुंबई के बड़े हिस्से में अगले सप्ताह 30 घंटे तक जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका अमर महल भूमिगत टनल (शाफ्ट 1 व 2) को शहर की जल वितरण प्रणाली से जोड़ने के लिए महत्त्वपूर्ण पाइपलाइन क्रॉस-कनेक्शन कार्य कर रही है।
यह शटडाउन सोमवार, 1 दिसंबर को सुबह 10 बजे शुरू होकर मंगलवार, 2 दिसंबर को शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान द्वीप-नगर और पूर्वी उपनगरों के 11 प्रशासनिक वार्डों में पानी का दबाव बेहद कम रहेगा या पूरी तरह सप्लाई बंद रहेगी।
घाटकोपर (पूर्व) स्थित छेड़ा नगर जंक्शन पर 2,500 मिमी की नई पाइपलाइन को 3,000 मिमी की मौजूदा मेन लाइन से जोड़ा जाएगा। मनपा के अनुसार यह कार्य अमर महल टनल को नियमित जल आपूर्ति नेटवर्क में जोड़ने के लिए अनिवार्य है।
◆ प्रभावित क्षेत्र
● दक्षिण व मध्य मुंबई:
A, B, C, E, F–साउथ, F–नॉर्थ वार्डों के कई इलाकों में असर दिखेगा।
भायखला, मुंबई सेंट्रल, नागपाड़ा, डोंगरी, मस्जिद बंदर, वर्ली, परेल, सायन, वडाला और शिवड़ी के बड़े हिस्से प्रभावित रहेंगे।
● पूर्वी उपनगर:
कुर्ला, चूनाभट्टी, गोवंडी, देवनार, चेंबूर, घाटकोपर, विक्रोली और भांडुप के कई क्षेत्रों में सप्लाई प्रभावित होगी।
मनपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का उपयोग सतर्कता और संयम से करें।
