
● मुंबई
अंधेरी पश्चिम के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स स्थित गार्डन क्रमांक–2 में होली के उल्लासपूर्ण अवसर पर भव्य स्नेह सम्मेलन आयोजित किया गया। ‘समर्थनगर लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स रेजीडेंट्स एसोसिएशन’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। आयोजन का संयोजन अजय माहेश्वरी ने किया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण हास्य कवि सम्मेलन रहा, जिसने शाम को ठहाकों से सराबोर कर दिया। हास्य सम्राट सुरेश मिश्र के प्रभावी संचालन में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कानपुर के कवि हेमंत पांडेय, हास्यावतार आशकरण अटल, आगरा के रमेश मुस्कान, ‘लाफ्टर चैंपियन’ फेम सुनील सावरा तथा अभिनेत्री एवं शायरा लता हया ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
संस्था की अध्यक्षा इंद्राणी राय, ग्लेडिस श्रेयान, अजय गुप्ता और नंदू खानविलकर ने अतिथियों एवं कवियों का शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। स्वागत तथा आभार प्रदर्शन का दायित्व अजय माहेश्वरी ने संभाला, जिन्होंने अपने विशिष्ट अंदाज में समारोह को आत्मीयता का रंग दिया।
रंगों के इस उत्सव ने अंधेरी में सामुदायिक सौहार्द और सांस्कृतिक चेतना की मधुर छटा बिखेरी।
