- तीन वर्षों में 6,400 करोड़ रुपये तक का पैकेज संभव

● नई दिल्ली
सुंदर पिचई की सैलरी में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की गई है। अल्फाबेट ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी के लिए नया वेतन ढांचा तय किया है, जिसके तहत अगले तीन वर्षों में उनका कुल संभावित पारिश्रमिक लगभग 692 मिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 6,400 करोड़ रुपये के बराबर बैठती है।
कंपनी की नियामकीय फाइलिंग के अनुसार यह पैकेज पिचाई को वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक पारिश्रमिक पाने वाले कॉरपोरेट प्रमुखों में शामिल कर सकता है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने उनके नेतृत्व में कंपनी की बाजार में मजबूत स्थिति, रणनीतिक विस्तार और लगातार बढ़ती कारोबारी सफलता को इस बढ़े हुए प्रोत्साहन का प्रमुख कारण बताया है।
हालांकि इस पैकेज का बड़ा हिस्सा निश्चित नहीं है, बल्कि इसे प्रदर्शन से जोड़ा गया है। रिपोर्ट के अनुसार पिचाई को दिए गए पारिश्रमिक में लगभग 126 मिलियन डॉलर (करीब 1,050 करोड़ रुपये) मूल्य के परफॉर्मेंस स्टॉक यूनिट्स शामिल हैं, जिन्हें दो बराबर हिस्सों में बांटा गया है।
इन स्टॉक यूनिट्स की वास्तविक कीमत कंपनी के कुल शेयरधारक प्रतिफल पर निर्भर करेगी। इसके लिए S&P 100 की अन्य कंपनियों के साथ तुलना की जाएगी। यदि अल्फाबेट का प्रदर्शन प्रतिस्पर्धी कंपनियों से बेहतर रहता है, तो यह भुगतान दोगुना होकर 252 मिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह वेतन ढांचा पिचाई को कंपनी के दीर्घकालिक प्रदर्शन से सीधे जोड़ता है और निवेशकों के हितों के साथ प्रबंधन की जवाबदेही को भी मजबूत करता है।
