
● मुंबई
जीवन आनंद स्नेह संस्था की ओर से हृदय रोग एवं दंत रोग के लक्षण और उपचार विषय पर आयोजित व्याख्यानमाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. स्नेहिल मिश्रा (हिंदुजा अस्पताल) ने हृदय रोग के प्रारंभिक लक्षणों तथा आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने श्रोताओं को समय रहते जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। दंत विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका अग्रवाल ने दंत रोगों, उनके उपचार तथा इंप्लांट संबंधी आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद रवींद्र वायकर ने नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने मुंबई में एम्स अस्पताल, रेलमार्ग, जलमार्ग तथा प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को संसद में उठाने और उनके समाधान के प्रयासों की जानकारी भी साझा की।

इस अवसर पर प्रख्यात हास्य-व्यंग्य कवि सुरेश मिश्र ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार द्वय अभय मिश्र व अखिलेश तिवारी एवं सर्जन डॉ. महिमा अग्रवाल को सम्मानित किया गया।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. एनएन पांडे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था के कार्यों की जानकारी दी। समारोह अध्यक्ष डॉ. श्याम अग्रवाल ने जीवन में स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया। वहीं, एडिशनल आयकर आयुक्त प्रवीण सालुंखे ने इस प्रकार के आयोजन के लिए संस्था को बधाई दी।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष विजय शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन उद्घोषक आनंद सिंह ने किया।

