
● मुंबई
वेस्टर्न रेलवे और मुंबई रेलवे विकास कारपोरेशन ने विरार–दहाणू रोड चौपदरीकरण परियोजना के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विरार स्टेशन पर क्षमता बढ़ाने के अहम काम रिकॉर्ड समय में पूरे कर लिए गए हैं, जिससे लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अपग्रेड के तहत प्लेटफॉर्म 3ए और 4 ए की चौड़ाई 6.5 मीटर से बढ़ाकर 10.5 मीटर कर दी गई है। साथ ही इन्हें 12 कोच की बजाय 15 कोच लोकल ट्रेनों के संचालन के लिए तैयार किया गया है। इसके अलावा, स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में नया प्लेटफॉर्म 5ए भी बनाया गया है, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन और बेहतर होगा।
पूरे प्रोजेक्ट का काम महज चार महीनों में पूरा किया गया, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। वेस्टर्न और एमआरवीसी के समन्वय से ईएमयू
(लोकल ट्रेन) का ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।
अब इन अपग्रेडेड प्लेटफॉर्म्स को जल्द ही जोनल रेलवे को सौंपा जाएगा, जिसके बाद 15 कोच की लोकल सेवाएं शुरू की जा सकेंगी। इससे न सिर्फ ट्रेनों की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि भीड़भाड़ कम करने में भी मदद मिलेगी। विरार स्टेशन का यह बदलाव मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क को और मजबूत करेगा और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों के सफर को ज्यादा आरामदायक होगा।
