
● पटना
राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर सोमवार को एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी (एएसी) की अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने की, जिसमें बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट की क्षमता विस्तार पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में पटना एयरपोर्ट से प्रतिदिन करीब 44 जोड़ी उड़ानों का संचालन हो रहा है और सालाना लगभग 40 लाख यात्री यहां से यात्रा कर रहे हैं। इस बढ़ते दबाव को संभालने के लिए रनवे का विस्तार अब अत्यंत आवश्यक माना जा रहा है।
रनवे विस्तार की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। यह समिति एयरपोर्ट के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में उपलब्ध भूमि की व्यवहार्यता का अध्ययन कर शीघ्र अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
सांसद रविशंकर प्रसाद ने स्पष्ट किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है। प्रस्तावित विस्तार के तहत पूर्व दिशा में विभिन्न स्थानों की भूमि चिह्नित की गई है, जिसमें पटना जू, कब्रिस्तान, लोजपा कार्यालय, कर्पूरी आयुर्वेदिक वाटिका, सरकारी आवास, एसएसजी बिहार पुलिस परिसर और सड़क क्षेत्र शामिल हैं।
एयरपोर्ट विस्तार की इस पहल से आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही पटना की हवाई कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।
