■ सुल्तानपुर और वाराणसी के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ

● मुंबई
गर्मियों के मौसम में बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए रेलवे ने लखनऊ से मुंबई के बीच अतिरिक्त सुविधा देने का फैसला किया है। यात्रियों की मांग और भीड़भाड़ को ध्यान में रखते हुए 20 मई से दो विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे लंबी दूरी की यात्रा और अधिक सुगम हो सके।
लखनऊ से मुंबई की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह एक बड़ी राहत मानी जा रही है। उत्तर रेलवे के अनुसार, ये ट्रेनें सुल्तानपुर और वाराणसी से चलकर लखनऊ के रास्ते मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल (एलटीटी) तक जाएंगी।
सुल्तानपुर-एलटीटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (04212) हर बुधवार सुबह 4 बजे सुल्तानपुर से रवाना होगी और सुबह 6:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन कानपुर, झांसी, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड और ठाणे होते हुए अगले दिन दोपहर 12:20 बजे मुंबई पहुंचेगी। वापसी में (04211) यह ट्रेन हर गुरुवार को एलटीटी से चलेगी।
इसी तरह वाराणसी-एलटीटी स्पेशल ट्रेन (04226) हर गुरुवार रात 1:35 बजे वाराणसी से चलेगी और सुबह 6:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। आगे वही रूट पकड़ते हुए यह ट्रेन दोपहर 12:20 बजे मुंबई पहुंचेगी। वापसी में (04225) यह ट्रेन हर शुक्रवार को एलटीटी से चलेगी।
दोनों ट्रेनों में थर्ड एसी इकोनॉमी के 14 कोच और 4 सामान्य कोच लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा सुविधा मिल सके।
हर वर्ष गर्मियों में इस रूट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। ऐसे में इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
